
शिवसेना के प्रवक्ता और राज्य सभा सांसद संजय राउत ने कहा कि हमारे लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ही सुप्रीम कोर्ट हैं। राउत ने दावा करते हुए कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण होगा। शनिवार को अयोध्या पहुंचे संजय राउत ने कहा कि शिवसेना का अयोध्या से पुराना नाता है। राउत ने शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि उद्धव ठाकरे रविवार सुबह 9:00 बजे अयोध्या पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सीधे 10:00 बजे रामलला का दर्शन करने जाएंगे। वहीं नवनिर्वाचित सभी 18 सांसद शनिवार को अयोध्या पहुंच जाएंगे।
संजय राउत ने आगे कहा कि रामलला राजनीति के विषय नहीं है, बल्कि आस्था के विषय हैं। उन्होंने कहा कि, ‘राम के नाम पर ना वोट मांगा है, न कभी मांगेंगे’। राम मंदिर के मामले पर बीजेपी आगे की रूपरेखा तय करेगी, क्योंकि शिवसेना केवल एक घटक दल हैं। हमारे लिए मोदी व अमित शाह ही सुप्रीम कोर्ट हैं। राम मंदिर के लिए सरकार को याद दिलाने की जरूरत नहीं है।






