हरेकृष्ण गोयल

मांट।15 वर्ष पूर्व मांट राजा ग्राम पंचायत में युवा कल्याण विभाग का युवा केन्द्र अपने उद्देश्य को पूरा नहीं कर पाया,इसमें ताले लटके रहते है,ग्रामीणों ने इसके सहारे पशु बांधना शुरू कर दिया है। वर्ष 1998 में तत्कालीन खेलकूद,युवा कल्याण व प्रादेशिक विकास दल मंत्री और क्षेत्रीय विधायक श्याम सुंदर शर्मा ने मांट को दो सौगातें दी थीं,जिसमें ग्रामीण मिनी स्टेडियम व युवा केन्द्र मांट राजा पंचायत में स्वीकृत कराये गए थे। 1 अगस्त 2004 को श्री शर्मा द्वारा युवा केन्द्र का विधिवत उद्घाटन किया गया।

युवा केन्द्र बनाने के पीछे सरकार की मंशा थी कि मिनी स्टेडियम में खेलने आने वाले ख़िलाडियो को इसमें ठहराने की व्यवस्था की जाए।पर अफसोस आज तक ऐसा नहीं हुआ। लाखों की लागत से बना युवा केन्द्र धीरे धीरे जर्जर अवस्था मे पहुंचता जा रहा है,खिड़कियों के कांच टूट चुके हैं,भवन में तमाम स्थानों पर दरारें पड़ चुकी हैं।मुख्य द्वार पर ताला लटका रहता है,अंदर कूड़े व गन्दगी के ढेर लगे हुए हैं।अनदेखी के चलते ग्रामीण सेफ्टी टैंक के ऊपर पड़े लेंटर तक को उठा ले गए,वहीं पड़ोसी ग्रामीण युवा केन्द्र की दीवार के सहारे ही पशु बांध रहे हैं।बहरहाल सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना परवान चढ़ने से पहले ही दम तोड़ गयी है।






