– पिस्टल की चौथी गोली हत्यारे ने खुद के मारी
-घटना के कारणों का पता नहीं चल सका

भरत लाल गोयल, पीडि़यू समाचार
———————————-
आगरा | उत्तर प्रदेश बार काउंसिल की अध्यक्ष दरवेश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी | हमलावर ने उन्हें एक के बाद एक तीन गोली मारीं।
आगरा की अधिवक्ता दरवेश सिंह यूपी बार काउंसिल की पहली महिला अध्यक्ष चुनी गई थीं। बुधवार को आगरा पहुंचीं थीं जहां दीवानी परिसर में उनका स्वागत कार्यक्रम चल रहा था।
बताया गया है कि दरवेश यादव वरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद कुमार मिश्रा के चैंबर में बैठी हुई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एडवोकेट मनीष शर्मा यूपी बार काउंसिल की अध्यक्ष दरवेश सिंह के पास पहुंचे। उन्होंने एक के बाद एक तीन राउंड फायरिंग की, दरवेश वहीं गिर गईं। इसके बाद एडवोकेट मनीष शर्मा ने खुद को भी गोली मार ली।
दरवेश यादव को गंभीर हालत में पुष्पांजलि हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां दरवेश सिंह को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, हमले के आरोपी एडवोकेट मनीष शर्मा भी अस्पताल में भर्ती है।
दीवानी परिसर में हुई हत्या के बाद बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने यूपी बार काउंसिल की अध्यक्ष दरवेश यादव की हत्या की निंदा की। उन्होंने अपने सदस्यों के लिए सुरक्षा की मांग की है। यूपी सरकार से उनके परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिलाए जाने की मांग भी उठाई गई है।
दरवेश यादव की हत्या के बाद अपर पुलिस महानिदेशक आगरा (एडीजी) ने कहा कि यूपी बार काउंसिल के अध्यक्ष दरवेश यादव की आगरा दीवानी परिसर में एक कार्यक्रम के दौरान उनके सहयोगी मनीष शर्मा ने गोली मारकर हत्या कर दी। हत्यारोपी ने उन पर तीन गोलियां दागीं। लहूलुहान अवस्था मे उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई। वहीं मनीष गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य श्रीनाथ त्रिपाठी ने पत्र जारी कर दरवेश यादव की हत्या पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। पत्र में लिखा है कि उत्तर प्रदेश बार काउंसिल की अध्यक्ष दरवेश यादव की दर्दनाक हत्या से उत्तर प्रदेश का अधिवक्ता समाज स्तब्ध एवं मर्माहत है। घटना की घोर निंदा और भर्त्सना की जाती है। घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है | सूत्रों के मुताबिक चुनावी प्रतिस्पर्धा भी इसके पीछे एक बड़ी वजह हो सकती है |
————————————-
आज पूरे प्रदेश में मनाया जाएगा शोक दिवस
————————————–
बार काउंसिल की प्रदेश अध्यक्ष दरवेश यादव की ताबड़ तोड़ हत्या के बाद पूरा वकील समुदाय स्तब्ध है | इस दुख की घड़ी में 13 जून यानी आज पूरे उत्तर प्रदेश में शोक दिवस रहेगा।






