– गोवर्धन में दानघाटी मंदिर के कमरे को सील करते एसडीएम नागेन्द्र सिंह व अन्य
– करोड़ों की खेरीज व आभूषण होने के चलते न्यायालय ने दिये थे आदेश
– गोवर्धन एसडीएम ने की सील की कार्यवाही, कमरों के बाहर पुलिस की तैनाती हुई
– न्यायालय द्वारा पूर्व में ही बैंक के खाते पर जेल में बंद प्रबंधकों के हस्ताक्षर युक्त पत्रावली व हस्ताक्षर युक्त चैक पर लग चुकी रोक

परीक्षित कौशिक
गोवर्धन। गोवर्धन के गिरिराज दानघाटी मंदिर के खजाने के कमरों को कोर्ट के आदेश के बाद शनिवार को एसडीएम नागेन्द्र सिंह के निर्देशन में पुलिस फोर्स की मौजूदगी में सील किया गया। करोड़ों रूपये के गबन के आरोप लगने के बाद जेल में बंद प्रबंधक डालचंद चैधरी द्वारा दानघाटी मंदिर परिसर में बने कमरे में करीब से डेढ़ से दो करोड़ रूपये की धनराशि के अलावा अन्य कीमती उपहार आदि बताये हैं। न्यायालय अपर सिविल जज एवं अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अमर सिंह द्वारा शुक्रवार को दानघाटी मंदिर परिसर में बने कक्षा संख्या 3 ए व कक्षा संख्या 5 को सील करने के आदेश दिये थे। न्यायालय की ओर से एसएसपी के लिए उक्त दोनों कक्षों को सील करने के बाद कमरों के सामने इनवेटर से लगे सीसीटीवी कैमरे के साथ कमरों के बाहर दो पुलिस आरक्षी की तैनाती के लिए भी निर्देशित किया। न्यायालय के आदेश के बाद एसडीएम ने दो कमरों को सील किया गया है। सील की कार्यवाही में सीओ कैलाश चंद पांडेय, प्रभारी निरीक्षक राजेश पांडेय, नायब तहसीलदार सतीश बघेल, रमाकांत कौशिक, रामप्रकाश शर्मा एडवोकेट, श्याम बाबू गौतम एडवोकेट आदि थे।






