क्राइम रिपोर्ट, Pdu samachar
——————————

लखनऊ | प्रदेश के अमेठी की नवनिर्वाचित भाजपा सांसद स्मृति ईरानी के करीबी पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह की हत्या राजनैतिक रंजिश के चलते ही हुई थी। इस मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने सोमवार को यह जानकारी दी। डीजीपी श्री सिंह ने बताया कि इस मामले में पुलिस को अभी दो और अभियुक्तों की तलाश है| उन्होंने कहा कि शीघ्र ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में झोलाछाप डॉक्टर नसीम, प्रधान पद के पूर्व प्रत्याशी धर्मनाथ गुप्ता और बीडीसी सदस्य रामचंद्र हैं। घटना में 2 अन्य आरोपियों वसीम और गोलू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है |
उल्लेखनीय है कि पूर्व प्रधान सुरेंद्र प्रताप सिंह की शनिवार रात पांच बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। सूचना मिलते ही रविवार को स्मृति बरौलिया पहुंचीं, परिवार को सांत्वना दी और सुरेंद्र की अर्थी को कंधा दिया। इस संबंध में सुरेंद्र के बड़े भाई ने पांच आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।






